जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार हो रही बारिश के बीच गुमखाल-सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर जोखिमभरा होता जा रहा है। शनिवार सुबह सतपुली मल्ली के समीप पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से सब्जियों से लदा एक पिकअप वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। बोल्डर के कारण हाईवे कई घंटे तक पूरी तरह बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को आवागमन के लिए सतपुली-कांडाखाल-सिसल्डी-डेरियाखाल मोटर मार्ग का सहारा लेना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के जलालाबाद निवासी रईस अहमद शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे पिकअप वाहन से सब्जियां लेकर सतपुली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सतपुली मल्ली के समीप पहाड़ी से बोल्डर हाईवे पर आ गिरे, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। रात में समय से बोल्डर हटाने का कार्य शुरु नहीं हुआ। ऐसे में चालक वाहन को मौके पर खड़ा कर पैदल ही सतपुली पहुंच गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे उसे सूचना मिली कि जिस स्थान पर उसका पिकअप खड़ा था, वहां पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से वाहन उनकी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। साथ ही हाईवे पर खड़े वाहनों को सतपुली-कांडाखाल-सिसल्डी-डेरियाखाल मार्ग से आवागमन की सलाह दी। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ था। हालांकि जेसीबी की मदद से हाईवे पर आए बोल्डर व मलबे को हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। लेकिन, मार्ग पर फिर भी हल्के बोल्डर आते रहें। जिससे इस मार्ग पर सफर किसी खतरे से कम नहीं है। सड़क पर जमा कीचड़ और पहाड़ी से गिर रहे बोल्डर यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। एक सप्ताह पहले भी सतपुली मल्ली के समीप एक कार पर बोल्डर गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए थे। वहीं, इस घटना से दो दिन पहले बोलेरो वाहन पर बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।