सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, सोने के कुंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बालासौड़ क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने के कुंडल झपटकर फरार हुए आरोपित को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से झपटे गए कुंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपित की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, राजेंद्र सिंह निवासी कोटद्वार ने मामले में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनकी सास बालासौड़ क्षेत्र में घूम रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे मोटर साइकिल सवार युवक ने उनके कानों से कुंडल झपट लिए और मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपित की पहचान की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित अंकित गिरी पुत्र मलखान गिरी, निवासी हरिपुरम कुकड़ा, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला से झपटे गए सोने के कुंडल बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी बरामद कर ली गई है।