जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा चौबट्टाखाल के अंतर्गत मैटाकुंड में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मैराथन में अनुज ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि दीपांशु चौहान दूसरे और हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री पंकज डोबरियाल और मंडल अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद जोशी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता से पूर्व विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए और देश की तरक्की में अपना योगदान देना चाहिए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश देना रहा। इस अवसर पर युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।