रुड़की। रुड़की-लक्सर मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में बेलगाड़ी पर सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ढंढेरा निवासी 60 वर्षीय गुलिस्तार अपने 30 वर्षीय पुत्र गुलशनव्वर उर्फ मोनू के साथ बैलगाड़ी से पशुओं के लिए चारा लेने लंढौरा जा रहे थे। सुबह जब वे लंढौरा बस अड्डे के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने उनकी बेलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देहरादून रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। चौकी प्रभारी अशोक सिरस्वाल ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।