श्यामपुर और बाहर पीली में आग से अफरा-तफरी, गौशाला व स्टोर में रखा सामान जला

Spread the love

हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से दोनों स्थानों पर आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि गोशाला और स्टोर में रखा सामान जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है। पहली घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे श्यामपुर में हुई। जानकारी के अनुसार श्यामपुर निवासी मुन्ने पुत्र किशोरी की गोशाला से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक आग पूरी तरह बुझाई जा चुकी थी। सूचना मिलने पर कोतवाली श्यामपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घटना के समय गोशाला में कोई पशु मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मोनू पुत्र मुन्ने ने बताया कि आग में करीब 10 कट्टे सीमेंट जलकर खराब हो गए। इसके अलावा किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं दूसरी घटना करीब सवा तीन बजे ग्राम बाहर पीली में हुई। यहां एक स्टोर में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्टोर मालिक अकबर उर्फ मुन्ने पुत्र सद्दीक निवासी बाहर पीली, ग्राम पंचायत सजनपुर पीली ने बताया कि वह टाइल्स कटिंग और फिटिंग का कार्य करते हैं। आग लगने के समय स्टोर में मशीनें और अन्य उपकरण रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। सूचना पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। स्टोर मालिक के अनुसार आग से करीब एक से डेढ़ लाख रुपये मूल्य की मशीनें और उपकरण नष्ट हो गए। इसके अलावा झटका मशीन में प्रयुक्त कुछ बैटरियां भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *