कोटद्वार-पौड़ी

जल रहा ट्रेंचिंग ग्राउंड, सांस लेना भी दूभर 

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

 

चारों ओर फैले जहरीले धुएं से संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

घंटो की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

जयन्त प्रतिनिधि।

कोटद्वार: गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगे कूड़े के ढेर ने आग पकड़ना शुरू कर दिया है। लगातार उठ रहे जहरीले धुएं के कारण आसपास के लोगों का सांस लेना भी दूभर हो गया है। पिछले कई दिनों से सुलग रही कूड़े की आग शुक्रवार रात अचानक विकराल हो गई। दमकल विभाग की टीम शुक्रवार रात व शनिवार पूरे दिन आग बुझाने के प्रयास में जुटी रही।

गाड़ीघाट खोह नदी के तट पर आबादी के बीच बना ट्रेंचिंग ग्राउंड कुंभीचौड़ व झूलापुल के वाशिंदों के लिए मुसीबत बन गया है। हालत यह है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड में पड़े कूड़े के ढेर ने आग पकड़ना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिन से सुलग रही आग शनिवार सुबह अचानक विकराल हो गई। चारों ओर जहरीले धुएं के गुब्बार फैल गया। आसपास के परिवारों का सांस लेना भी दूभर हो गया। रतनपुर निवासी महेंद्र पाल सिंह रावत ने बताया कि कूड़े की दुर्गंध से परेशान क्षेत्रवासी अब धुएं की समस्या से भी जूझ रहे हैं। धुएं के कारण लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों को त्वचा संबंधी बीमारियां भी होने लगी हैं। पूर्व में कई बार नगर निगम व शासन से ट्रेंचिंग ग्राउंड को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठा चुके हैं। लेकिन, यह योजना भी अब तक ठंडे बस्ते में ही पड़ी हुई है।  वहीं, नगर निगम के नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड के कूड़े में आग न लगे, इसके लिए विशेष ध्यान दिए जा रहे हैं। शुक्रवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कूड़े पर आग लगा दी थी। दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!