फरीदकोट , पंजाब के फरीदकोट जिले में 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर घर बुलाकर बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर एक महिला, उसके पति, पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान धारा सिंह कॉलोनी निवासी अर्शदीप सिंह (26) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव हसनभट्टी का रहने वाला था। अर्शदीप शादीशुदा था।
मृतक के पिता हरनेक सिंह, जो पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं और वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात हैं, ने आरोप लगाया कि गांव पिपली की रहने वाली विवाहित महिला हरप्रीत कौर ने अर्शदीप को मिलने के लिए अपने घर बुलाया था। उनका आरोप है कि वहां महिला ने अपने पति, पिता और भाई के साथ मिलकर पहले अर्शदीप के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए, फिर तेजधार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप
हरनेक सिंह के अनुसार, अर्शदीप ने कुछ समय पहले उन्हें बताया था कि हरप्रीत कौर उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रही थी। इस पर उन्होंने बेटे से कहा था कि जरूरत पड़ने पर पंचायत के साथ महिला के मायके जाकर बात करेंगे।
उन्होंने बताया कि रविवार को अर्शदीप घर से लापता हो गया। काफी तलाश के बाद संदेह होने पर वे गांव पिपली पहुंचे, जहां हरप्रीत कौर के घर से अर्शदीप का शव बरामद हुआ।
हाथ-पैर बंधे मिले, हत्या का आरोप
परिजनों का कहना है कि शव मिलने के समय अर्शदीप के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे तथा उसके शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए हमले के निशान थे। हरनेक सिंह ने हरप्रीत कौर, उसके पति सिमरजीत सिंह, पिता चमकौर सिंह उर्फ कौर सिंह और भाई सतनाम सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को घर बुलाया गया था, जहां उसकी हत्या की गई। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।