स्वयं सेवियों को दिए करियर में सफलता के टिप्स
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी पौड़ी गढ़वाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर में करियर काउंसलिंग के अन्तर्गत स्वयं सेवियों का मार्गदर्शन कर करियर में सफलता के टिप्स दिए।
महाविद्यालय विथ्याणी का राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का विशेष शिविर पंचायत घर कस्याली में चल रहा है। तृतीय दिवस का शुभारंभ सुबह की प्रार्थना, वन्दना व योग और व्यायाम से हुआ। इसके पश्चात स्वयं सेवियों ने ग्राम बिष्ट खोला (ग्राम कस्याली) में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयं सेवियों ने गांव के मार्गों की -सफाई के साथ ही जन जागरुकता रैली भी निकाली। रैली का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमेश त्यागी के साथ ही छात्र संघ अध्यक्षा प्रेरणा बडोला ने किया। बौद्धिक सत्र में राजस्व उपनिरीक्षक विदेश तोमर ने करियर काउंसलिंग के अन्तर्गत स्वयं सेवियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्वयं सेवियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमेश त्यागी ने किया। कार्यक्रम में स्वयं सेवी अंजली, महक, कीर्ति, सागर, दीपक सहित 50 से अधिक स्वयं सेवी उपस्थित रहे।