बॉडी मसाज के बहाने जाल में ब्लैकमेल करने वाले गैंग पर केस

Spread the love

देहरादून। बॉडी मसाज के बहाने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। शातिर गिरोह ने बॉडी मसाज सर्विस के नाम पर एक व्यक्ति को जाल में फंसाकर उसे झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी दी। पिस्तौल की नोक पर लाखों रुपये की रंगदारी वसूली गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी महिला समेत उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आईटी पार्क क्षेत्र निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति ने तहरीर दी। बताया कि करीब 5-6 महीने पहले उनकी मुलाकात संदीप कौर नाम की महिला से व्हाट्सएप के जरिए हुई थी। आरोपी महिला ने अपनी फोटो भेजकर बॉडी मसाज के लिए 8,000 रुपये का रेट बताया और सर्विस दी। इसके बाद वह व्हाट्सएप कॉल के जरिए पीड़ित से लगातार संपर्क में रही और बीच-बीच में ऑनलाइन व कैश पैसे ऐंठती रही। आरोप है कि बीती 25 अप्रैल को संदीप कौर ने पीड़ित को कॉल कर 15 लाख रुपये कैश की मांग की। मना करने पर संदीप कौर और उसके साथियों राहुल, परविंदर सिंह व खुद को वकील बताने वाले अन्य लोगों ने आईटी पार्क पुलिस चौकी के बाहर पीड़ित को घेर लिया। उन्होंने पीड़ित को झूठे रेप केस में फंसाकर पूरी जिंदगी जेल में सड़ाने व जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे पीड़ित ने महिला के खाते में 1.10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने पैंट के अंदर से पिस्तौल दिखाकर पीड़ित को जबरन स्कूटी पर बैठाया और किरसाली चौक स्थित एसबीआई एटीएम ले गए, जहां डरा-धमकाकर 50,000 रुपये नकद निकलवाकर ले लिए।
छह लाख रुपये का जबरन कराया समझौता
गिरोह ने पीड़ित पर इस कदर दबाव बनाया कि जान बचाने के लिए पीड़ित को 1.80 लाख रुपये का चेक संदीप कौर के नाम भरना पड़ा। साथ ही आरोपियों ने डरा-धमकाकर अपनी शर्तों पर छह लाख रुपये का एक फर्जी समझौता नामा भी तैयार करवाकर उस पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़ित के अनुसार, उसके पास इस पूरी घटना की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सबूत के तौर पर मौजूद है। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *