नवविवाहिता की मौत के मामले में पति समेत पांच पर मुकदमा

Spread the love

रुद्रपुर)। रुद्रपुर में विवाह के महज तीन माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक, शारीरिक उत्पीड़न करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरेली निवासी राजवीर शर्मा ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री काजल शर्मा का विवाह 18 फरवरी को किच्छा निवासी अजय कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद पति अजय कुमार, ससुर राजू शर्मा, सास सुमन शर्मा, देवर आदित्य शर्मा और सूरज शर्मा दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और काजल पर 15 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था। 15 मई को ससुराल पक्ष के लोग काजल को उसके मायके स्थित वसुंधरा कॉलोनी, रुद्रपुर में छोड़ गए थे। इसके बाद भी फोन पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर काजल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *