किराये के बहाने जमीन हड़पने का आरोप, तीन पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर निवासी युवक ने कुछ लोगों पर किराये के बहाने करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जगजीतपुर, कनखल निवासी शिवम वालिया पुत्र चन्द्रशेखर वालिया ने शिकायत कर बताया कि वह ग्राम सलेमपुर महदूद स्थित अपनी भूमि का एकमात्र मालिक और कब्जाधारी है। आरोप है कि दिल्ली निवासी पुनीत शर्मा, हरिद्वार निवासी आशीष कुमार और देहरादून निवासी देवेंद्र सिंह ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी जमीन हड़पने की साजिश रची। बताया कि फरवरी 2026 में आशीष कुमार ने शिवम से संपर्क कर बताया कि उसका परिचित पुनीत शर्मा हरिद्वार में बड़ा कारोबार करना चाहता है और सिडकुल के पास स्थित खाली भूखंड को 10 साल के लिए पांच लाख रुपये प्रतिमाह किराये पर लेना चाहता है। आरोप है कि आरोपियों ने भरोसे में लेकर 19 फरवरी को तहसील पहुंचाया और जल्दबाजी का दबाव बनाकर बिना पढ़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान करा लिए।पीड़ित का आरोप है कि बाद में पता चला कि पट्टा विलेख की जगह जमीन का विक्रय अनुबंध तैयार कराया गया था। आरोप है कि किराये और सिक्योरिटी के नाम पर दस लाख रुपये बैंक खाते में भेजे गए, लेकिन बाद में किराया देना बंद कर दिया गया। 22 मार्च को आरोपी आशीष कुमार ने कथित रूप से बताया कि जमीन का विक्रय अनुबंध हो चुका है और अब कोई किराया नहीं मिलेगा। शिवम वालिया ने आरोप लगाया कि 23 मार्च को आरोपी अपने साथ कुछ लोगों को लेकर उसकी जमीन पर कब्जा करने पहुंचे और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बाद में दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने चार करोड़ रुपये की मांग की। पीड़ित ने मामले में पुनीत शर्मा पुत्र हरीमोहन शर्मा निवासी महरौली दक्षिण दिल्ली, आशीष कुमार पुत्र अरुण कुमार निवासी पुरुषोत्तम विहार हरिद्वार, देवेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी अंबीवाला देहरादून समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने मुकदमा दर्ज करने की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *