रील बनाने की आदत से नाराज पति ने किया पत्नी का जिंदा पिंडदान

Spread the love

– हरकी पैड़ी के विवादित वीडियो पर धार्मिक संगठनों में आक्रोश, तीर्थ पुरोहितों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। हरिद्वार की हरकी पैड़ी से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने धार्मिक समाज और स्थानीय लोगों को गहराई से आहत किया है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी की तस्वीर पर थूककर उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज था और इसी नाराजगी में उसने जीवित पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया। इस घटना ने तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश पैदा कर दिया है। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने इसे धर्म और आस्था के विरुद्ध बताया और कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में इस तरह की हरकत अस्वीकार्य है। उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों को रील और व्यूज के चक्कर में मजाक बनाना असहनीय है। पुलिस चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान की कोशिश जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है बल्कि यह भी दिखाती है कि सोशल मीडिया के प्रभाव में लोग किस तरह आस्था और परंपराओं से खिलवाड़ करने लगे हैं। समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों पर सख्त कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर इस तरह की शर्मनाक हरकत करने का साहस न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *