हरिद्वार। हर की पैड़ी पर कुछ महिलाओं और एक व्यक्ति के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिलाओं का एक समूह झांसी, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आया था। आरोप है कि इस बीच हर की पैड़ी परिसर में स्थित एक व्यक्ति ने उनके साथ छेड़खानी की। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। वीडियो में शख्स महिला यात्रियों पर हाथ उठाता नजर आ रहा है। महिलाओं ने इस मामले में नगर कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस का कहना है की वीडियो की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। यूपी के झांसी जिले से एक परिवार अधिक मास के स्नान के लिए 15 मई को हरिद्वार आया था। परिवार में महिलाएं भी शामिल थीं। तब से लेकर अभी तक महिलाएं हरिद्वार में रहकर गंगा स्नान पर पूजा पाठ कर रही हैं। परिवार के साथ आई महिला क्रांति गुप्ता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वो तीन बहनें गंगा स्नान के पश्चात शिव मंदिर में जल चढ़ा रही थीं। तभी अपना नाम रवि चौहान बताने वाला व्यक्ति उनके पास आया और उनके साथ छेड़खानी करने लगा। आरोपी ने उन्हें कहा कि यदि यहां स्नान और पूजा करनी है तो तीनों बहनों को उससे आकर मिलना होगा। महिला ने बताया कि 07 जून को भी मंदिर में पूजा करते उनके साथ छेड़खानी की। जब विरोध किया तो आरोपी उनके साथ मारपीट की। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज लिया है। हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।