सीडीओ ने जन संवाद कार्यक्रम में सुनी जन समस्याएं

Spread the love

अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 12 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जन संवाद कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि एल-1 स्तर पर 156 तथा एल-2 स्तर पर 44 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और जन संवाद कार्यक्रम इसी दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, प्रभारी शिकायत निवारण केंद्र विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *