रायवाला। कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब परोसने वाले होटल मालिकों पर शिकंजा कस दिया है। यहां होटलों में खुलेआम शराब पिलाई जा रही थी। होटल बार की तरह संचालित किए जा रहे थे। पुलिस ने तीन दिन में करीब 50 लोगों का चालान काटा। सार्वजनिक स्थानों, नदी किनारे बैठकर शराब पीने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। रायवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केके लुंठी ने बताया कि अवैध रूप से शराब परोसने वाले होटल स्वामियों के खिलाफ टीम बनाकर अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों, नदी किनारे बैठकर शराब पीने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार शाम को पुलिस टीम ने होटल ढाबों में अभियान चलाया। इस दौरान 13 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ओशी, जितेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, लक्ष्मण प्रसाद, सुरेंद्र राणा, अर्जुन, संदीप भट्ट, किशन, शिव कुमार, अंकुर, अनिल, लक्ष्मण, मनीष के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। 3750 रुपये का राजस्व भी वसूला गया।