जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : जिलाधिकारी गढ़वाल के दिशा-निर्देशों के क्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘उद्यमिता एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेन्द्र चन्द्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वरोजगार परक योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित कौशल विकास और रोजगार परक योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान ग्राम्य विकास (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) के वित्त सहायक सुधीर रावत ने अपने विभाग से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक कमल कटारिया ने ‘मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0’ सहित उद्योग विभाग की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन उद्यमिता एवं कौशल विकास प्रभारी विकास प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. विमल कुकरेती, डॉ. छाया सिंह, प्रो. सुधीर रावत, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. गिरीश चन्द्र, डॉ. जूली, श्रीमती सावित्री सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी आदि मौजूद थे।