जइंकॉ धांधणखेत ने प्रदेश में हासिल किया द्वितीय स्थान, मिली पांच लाख की पुरस्कार राशि

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार 2026 की प्रदेश स्तरीय सूची में इंटरमीडिएट स्तर पर जनता इण्टर कॉलेज धांधणखेत विकासखण्ड थलीसैण ने उत्कृष्ट परीक्षाफल प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। इस शानदार उपलब्धि के लिए विद्यालय को पांच लाख रुपये की पुरस्कार धनराशि, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है।


गुरूवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित भव्य सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. बबीता धस्माना को पांच लाख रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की इस अभूतपूर्व सफलता पर संपूर्ण पौड़ी जनपद, विद्यालय परिवार, क्षेत्रवासियों एवं शिक्षक संगठनों में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि प्रधानाचार्य डॉ. बबीता धस्माना के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन तथा समर्पित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के कठिन परिश्रम और लगन का परिणाम है। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों व विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और योग्यता को साबित करता है। प्रधानाचार्य परिषद् (अशासकीय माध्यमिक) जनपद पौड़ी परिषद् के अध्यक्ष एवं गढ़वाल मंडल के मंडलीय अध्यक्ष संजय सिंह रावत, उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के मण्डल अध्यक्ष संजय रावत, प्रांतीय उपाध्यक्ष अजय बिष्ट, प्रांतीय महामंत्री महावीर सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष (पौड़ी) भारत बिष्ट एवं जिला मंत्री संदीप रावत ने प्रधानाचार्य डॉ. बबीता धस्माना व पूरे विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *