जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत ने प्रखंड रिखणीखाल के ब्लॉक सभागार में अधिकारियों की बैठक लेने के साथ ही ग्रामीणों की भी समस्या सुनी। इस दौरान उन्होंने घोटला गांव का भी भ्रमण किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत ने कृषि व उद्यान विभाग के अधिकारियों को काश्तकारों को समय पर बीज उपलब्ध करवाने व ट्रेनिंग करवाने के निर्देश दिए, इसके अलावा वन विभाग को क्षेत्र में आग की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम करने के लिए निर्देशित किया। इससे पहले मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत ने घोटला गांव का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से क्लस्टर आधारित खेती व स्रोतों को पुर्नजीवित कर किए जाने की जानकारी ली। उन्होंने जंगलों में आग की घटनाओं पर भी चिंता जताई। कहा कि वन विभाग को आग की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम करने चाहिए। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। कहा कि आग लगने की घटनाओं की सूचनाओं को तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। ग्राम विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पेयजल समस्या से निबटने के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए। ग्राम विकास व पंचायत अधिकारियों को अपने क्षेत्र में एनआरएलएम व ग्रामोत्थान परियोजना से लाभान्वित लाभार्थियों का सत्यापन कराए जाने के भी निर्देश दिए। कहा कि लाभार्थियों की कोई समस्या हो तो उसका भी निराकरण किया जाए। इससे पहले मुख्य विकास अधिकारी ने घोटला गांव का भ्रमण किया। जहां पर उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक व पद्मश्री से सम्मानित कृषक कमल चौहान की मौजूदगी में घोटला गांव के महिपाल सिंह चौहान के माध्यम से की जा रही क्लस्टर आधारित खेती के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही पेयजल स्रोतों को पुर्नजीवित किए जाने के प्रयासों की जानकारी भी ली।