नगर निगम करेगा वृक्षारोपण, तैयारियां की शुरू
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार द्वारा क्षेत्र में निगम की खाली पड़ी भूमि पर वृक्षारोपण किया जायेगा। निगम ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने बुधवार को टे्रचिंग ग्राउंड के पास खोह नदी के किनारे खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त को भूमि पर किये गये कूड़े के ढेर का निस्तारण करने, चाहरदीवारी कराने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि इस खाली भूमि पर नगर निगम द्वारा वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जायेगा। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में अन्य स्थानों को भी चिन्हित कर उन स्थानों में वृक्षारोपण कर नगर निगम क्षेत्र को हराभरा बनाने की शुरूआत की जायेगी। इसके अलावा महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने आने वाली बरसात को देखते हुए नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में एवं नालियों की साफ-सफाई की व्यवस्था चाकचौबंध करने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि किसी भी वार्ड में गंदगी होने की शिकायत आने पर उस क्षेत्र में नियुक्त सफाई निरीक्षक को जिम्मेदार माना जायेगा। उन्होंने नगर के प्रत्येक वार्ड में सुबह के समय सफाई व्यवस्था तथा शाम के समय नालियों की सफाई करवाये जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिये।