श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में रिक्त फैकल्टी के पदों पर नियुक्ति के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन को साक्षात्कार के परिणाम का इंतजार है। विभाग में लंबे समय से प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद रिक्त चल रहे हैं। विभाग में कुल 18 पदों में से एक मात्र एसोसिएट प्रोफेसर की तैनाती है। इस कारण विभाग के संचालन का दारोमदार एक एसोसिएट प्रोफेसर के साथ ही चार सीनियर रेजिडेंट व करीब 10 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों पर है। मेडिसिन विभाग में फैकल्टी की कमी होने से एमबीबीएस छात्रों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। साथ ही मेडिसिन विभाग में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी विशेषज्ञ व अनुभवी डॉक्टरों की सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना का कहना है कि पिछले दो माह में दो बार चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार हो चुके हैं। अब पिछले माह हुए साक्षात्कार के परिणाम का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द विभाग में फैकल्टी की तैनाती हो जाएगी। (एजेंसी)