जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर डू समथिंग सोसाइटी ने गहरी चिंता जताई है। संस्था का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवा पीढ़ी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

संस्था के अध्यक्ष मयंक प्रकाश कोठारी ने इस संबंध में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को ज्ञापन भेजकर विद्यालयों में नशे के खिलाफ व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। मयंक प्रकाश कोठारी ने कहा कि डू समथिंग सोसाइटी के ध्येय वाक्य “शिक्षा ही नहीं, संस्कार भी चाहिए, नशामुक्त उत्तराखंड चाहिए के तहत संस्था पिछले कई वर्षों से नशे के खिलाफ जन जागरूकता अभियान चला रही है। इसके तहत विभिन्न विद्यालयों में नशा उन्मूलन को लेकर प्रतियोगिताएं और शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि संस्था के ध्येय वाक्य को प्रदेशभर के विद्यालयों में प्रचारित और प्रसारित किया जाए। इससे छात्र-छात्राओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और उनमें नशे से दूर रहने की भावना विकसित होगी। उन्होंने शासन-प्रशासन से युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाने की मांग की।