श्रीनगर गढ़वाल : चमोली क्षेत्र के रांगतोली गांव में बृहस्पतिवार को एक गोशाला के समीप मिले नवजात शिशु का बेस अस्पताल श्रीकोट के एनआईसीयू में उपचार चल रहा है। बाल रोग चिकित्सकों के मुताबिक नवजात शिशु की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

चमोली के रांगगतोली गांव में नवजात को गोशाला के समीप छोड़े जाने की घटना से हर कोई हतप्रभ है। नवजात को गोशाला के समीप लावारिस छोड़ दिया गया था। इतना ही नहीं उसकी किलकारी कोई न सुन पाए इसके लिए उसके मुंह में रबड़ ठूंस दी गई थी। बेस अस्पताल में ग्रामीणों व बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की मदद से नवजात को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता ने बताया कि नवजात की हालत स्थिर है और बेहतर स्थिति में है। वह ठीक से सांस भी ले रहा है और दूध भी पीने लगा है। ऑक्सीजन हटा दी गई है। (एजेंसी)