कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेसियों ने निकाली आक्रोश रैली, सरकार का फूंका पुतला

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में संपत्ति कर लगाए जाने समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्य सरकार का पुतला भी फूंका। साथ ही भाजपा पार्षदों पर लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में राज्य सरकार ने नगर निगम में शामिल 35 ग्राम सभाओं से किसी भी प्रकार का कर नहीं वसूलने का ऐलान किया था, लेकिन अब सरकार जनता पर कर का बोझ डाल रही है।
गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ता गढ़वाल टॉकीज स्थित कार्यालय में एकत्रित हुए। वहां से जिलाध्यक्ष डॉ. चन्द्रमोहन खरक्वाल के नेतृत्व में आक्रोश रैली शुरू हुई। रैली बदरीनाथ मार्ग व तहसील परिसर से होते हुए झंडाचौक में सम्पन्न हुई। जहां पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अनआवसीय भवन व खाली भूखंड पर राज्य सरकार की ओर से कर लगाया गया है, जबकि भाजपा पार्षद इस मुद्दे पर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के सभी विकास कार्य अवरुद्ध कर दिए हैं। जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा पार्षद झूठी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वकर निर्धारण करने संबंधी प्रस्ताव भी महापौर की ओर से बोर्ड बैठक में नहीं रखा गया था। यह प्रस्ताव नगर आयुक्त ने रखा था। उन्होंने कहा कि जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुतला दहन में जिलाध्यक्ष डॉ. चन्द्रमोहन खरक्वाल, पूर्व राज्यमंत्री विजयनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, हेमचंद्र पंवार, विजय रावत, बलवीर सिंह रावत, कृष्णा बहुगुणा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!