कांग्रेस पार्षदों ने पथ प्रकाश कार्यालय में जड़ा ताला

Spread the love

हरिद्वार। शहर में बदहाल पथ प्रकाश व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षदों का गुस्सा गुरुवार को नगर निगम में फूट पड़ा। नाराज पार्षदों ने पथ प्रकाश विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यालय पर ताला जड़ दिया। हंगामे के बीच अधिकारियों के हस्तक्षेप और जल्द व्यवस्था सुधारने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। चारधाम यात्रा के बीच शहर में जगह-जगह खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और अंधेरे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुरुवार सुबह निगम कार्यालय खुलते ही कांग्रेस पार्षद पथ प्रकाश विभाग पहुंच गए और कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक के बाद कार्यालय पर ताला जड़ दिया।
ताला लगने की सूचना मिलते ही विभाग की पथ प्रकाश संबंधी गाड़ियां भी काम छोड़कर कार्यालय पहुंच गईं। इस दौरान कुछ कर्मचारी कार्यालय के भीतर ही मौजूद थे। हंगामे की सूचना पर सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर मौके पर पहुंचे और पार्षदों से वार्ता कर जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का भरोसा दिया, जिसके बाद ताला खुलवाया गया। पार्षद हिमांशु गुप्ता, महावीर वशिष्ठ, विवेक भूषण विक्की, सोहित सेठी और अकरम अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि चारधाम यात्रा के दौरान भी शहर के कई हिस्से अंधेरे में डूबे हुए हैं। उनका कहना था कि पथ प्रकाश संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए कई दिनों से विभाग के चक्कर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। कभी सामग्री का अभाव बताया जाता है तो कभी वाहन और सीढ़ी न होने का बहाना बनाया जाता है। पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि पथ प्रकाश विभाग के कर्मचारियों को अतिक्रमण हटाओ अभियान में लगाया गया है, जिससे मूल कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि 60 वार्डों के लिए केवल सात लाइनमैन तैनात हैं, जो व्यवस्था की बदहाली का बड़ा कारण है। प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुरली मनोहर, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, कैश खुराना, अजय गिरी, नंदन कुमार और सोनू शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *