संत समाज राष्ट्र की एकता का आधार : रविंद्रपुरी

Spread the love

हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े स्थित कार्तिकेय मंदिर में महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी ने पूजा-अर्चना कर विश्व कल्याण की कामना की और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने उन्हें मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि संत-महापुरुषों ने सदैव समाज को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से एकजुट कर राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ किया है। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी विदुषी संत हैं और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। उनके कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी ने कहा कि अखाड़े की परंपराओं का पालन करते हुए समाज को धर्म और अध्यात्म के मार्ग पर अग्रसर करना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज सनातन संस्कृति के संरक्षण और मानव कल्याण के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में आगामी हरिद्वार कुंभ भी दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि साध्वी भगवती पुरी सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ मातृशक्ति के उत्थान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी तेजेसानंद गिरी, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, पदम सिंह, स्वामी आलोक गिरी, पंडित अधीर कौशिक सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *