जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पीडब्ल्यूडी लैंसडौन कार्यालय के बाहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रघुवीर बिष्ट ने कहा कि लैंसडौन विधानसभा के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। कहीं डामरीकरण अधूरा है, कहीं पहली ही बारिश में सड़कें उखड़ जाती हैं और कई योजनाएं वर्षों से केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि यदि विभागीय कार्य पूरी ईमानदारी और नियमों के तहत हो रहे हैं तो फिर पारदर्शिता से परहेज क्यों किया जा रहा है। कहा कि विकास कार्यों में लगाया जाने वाला धन किसी नेता या अधिकारी का नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के टैक्स का पैसा है। इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसके धन का उपयोग किस प्रकार और किन प्रक्रियाओं के तहत किया जा रहा है। उन्होंने सभी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह सार्वजनिक करने, सभी निविदाओं का समयबद्ध प्रकाशन प्रमुख समाचार पत्रों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर सुनिश्चित करने, जिन कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें हैं, उन निविदाओं को निरस्त व उनकी निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, प्रत्येक परियोजना का विवरण, स्वीकृत लागत तथा गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट जनता के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष जयहरीखाल विक्रांत खंतवाल, ब्लॉक अध्यक्ष रिखणीखाल रवींद्र रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद रावत, नगर अध्यक्ष लैंसडौन रोशन शाह, पूर्व अध्यक्ष गंभीर रावत, मनोज रावत, कैप्टन दीपक रावत, भारत सिंह नेगी, मनमोहन असवाल, शशि बिष्ट, बनवरी लाल ध्यानी, धनवीर बिष्ट, सौरभ नेगी, जैन सिंह बिष्ट, अमित कुमार आदि शामिल थे।