जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाओं में कथित धांधली, भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के मामलों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम शालिनी मौर्य के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में या सीबीआई से कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और कुप्रबंधन के कई मामले सामने आए हैं। इसके चलते परीक्षाएं बार-बार रद्द हो रही हैं और परिणामों में भी देरी हो रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोशन शाह, पूर्व अध्यक्ष गंभीर सिंह रावत, राजेश अग्रवाल, राजेश्वर गुप्ता, प्रेम सिंह रावत और महबूब आलम आदि शामिल रहे।