देव सुमन विश्वविद्यालय में परीक्षा शुल्क वृद्धि पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी

Spread the love

राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बीएड प्रशिक्षणार्थियों द्वारा परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर विरोध तेज हो गया है। प्रशिक्षुओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल उत्तराखंड के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजते हुए परीक्षा शुल्क वृद्धि को वापस लेने की मांग की है।
कांग्रेस पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता व पदाधिकारी सहित प्रशक्षिणार्थी तहसील में एकत्रित हुए। यहां राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व वर्षों में बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा के लिए लगभग 2760 रुपये शुल्क लिया जाता था, जबकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में परीक्षा शुल्क बढ़ाकर लगभग 2960 रुपये कर दिया गया है। कहा कि शुल्क वृद्धि से उन विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जो पहले से ही महंगी शिक्षा व्यवस्था का सामना कर रहे हैं। यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में परीक्षा शुल्क अधिक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय से जुड़े प्रशिक्षणार्थियों में असंतोष का माहौल है और छात्र विरोध की स्थिति में हैं। ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की गई कि विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी कर परीक्षा शुल्क वृद्धि पर पुनर्विचार कराया जाए तथा विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत प्रदान की जाए। कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आगे व्यापक आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है। इस मौके पर बलवीर सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह गुसाईं, बीरेंद्र सिंह रावत, नरेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह नेगी, चंद्रमोहन सिंह, धीरेंद्र सिंह नेगी, जावेद हुसैन, परमानंद, दलीप सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *