राहुल गांधी के बयान के विरोध में भाजपा ओबीसी मोर्चा का प्रदर्शन, फूंका पुतला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा ने शनिवार को झंडाचौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल और ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता झंडाचौक पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयान की कड़ी आलोचना की। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने नेताओं को संयमित भाषा और राजनीतिक शिष्टाचार का पाठ पढ़ाने में असफल रही है। वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष हरि सिंह पुंडीर, जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह आर्य, ओबीसी जिला उपाध्यक्ष सुनील पाल, संजय कुमार सैनी, प्रदेश प्रवक्ता पवन भारद्वाज, जिला मंत्री सोहन सिंह सैनी, भाजपा नगर अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, नगर अध्यक्ष घनश्याम प्रजापति, सुखरो मंडल अध्यक्ष रवि सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *