जीआईसी कोटद्वार में नई पीटीए टीम का गठन, मेधावियों का हुआ सम्मान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बैठक में अभिभावकों और शिक्षकों की सहमति से कृष्ण दर्शन भदोला को पीटीए अध्यक्ष तथा अनूप सिंह नेगी को सचिव चुना गया। इसके अलावा अर्जुन अग्रवाल को उप सचिव और कौशल्या देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधानाचार्य मुकेश रावत पदेन उपाध्यक्ष रहेंगे। नई कार्यकारिणी में श्रीशचंद्र तिवारी, सुरभि सचदेवा, कृपाली रावत, निर्मला देवी, सुमन देवी, सरिता देवी, बुद्धि पाल सिंह, सुधीर डंगवाल एवं विजयकांत बलूनी को सदस्य नामित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने कहा कि विद्यालय लगातार शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। साथ ही विद्यालय के दो शिक्षक और दो विद्यार्थियों का गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना भी बड़ी उपलब्धि रही। इस अवसर पर हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले अंशिका पाल, आकाश और अंशपाल तथा इंटरमीडिएट में विज्ञान वर्ग के सूरज कुमार, कला वर्ग के हिमांशु कुमार और वाणिज्य वर्ग की छात्रा मोनिका को सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के विकास में योगदान देने पर पूर्व पीटीए अध्यक्ष महेंद्र कुमार अग्रवाल को भी सम्मान प्रदान किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन और निर्धारित गणवेश को लेकर भी चर्चा की गई। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और विद्यालयी गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रेखा भट्ट, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन अनूप नेगी और डॉ. पदमेश बुड़ाकोटी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *