डीडीहाट में आशाओं के साथ धरने पर बैठे कांग्रेसी
पिथौरागढ़। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत आशा कार्यकत्रियों के आंदोलन को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है। पूर्व प्रदेश सचिव प्रदीप पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता आशाओं के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा 11 दिन से कार्यकत्रियां सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन सरकार चुप है। गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहीद राजेंद्र सिंह खोलिया पार्क पहुंचे और आशा कार्यकत्रियों के साथ धरने पर बैठे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पाल ने कहा 11 दिन से धरने पर बैठी प्रदेश भर की आशा कार्यकत्रियों की सरकार बात सुनने को तैयार नहीं है। कहा कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर भी आशाओं एक योद्धा की तरह अपनी सेवा दी। लेकिन चार माह बाद भी उन्हें कोविड भत्ते की धनराशि तक नहीं मिली।
वर्तमान समय में आशाएं स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बन चुकी हैं। गर्भवती महिलाओं की जांच से लेकर नवजात बच्चों के टीकाकरण की जिम्मेदारी आशाओं पर है। लेकिन उनके कार्य बहिष्कार के कारण लोगों को खासी दिक्कत हो रही हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर शीघ्र ही सरकार ने आशाओं की मांगों को लेकर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।