ट्रेचिंग ग्राउंड का कांग्रेसियों ने किया विरोध

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के कंचनपुरी (हल्दूखाता) में प्रस्तावित ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के चलते निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को कुछ समय के लिए काम रोकना पड़ा।
गुरुवार को महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण का विरोध जताया। वक्ताओं का कहना था कि आबादी वाले क्षेत्र के निकट ट्रेचिंग ग्राउंड बनने से आसपास के इलाकों में प्रदूषण, गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि कूड़े के ढेर के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित होगा और क्षेत्र का वातावरण भी खराब होगा। प्रवीन रावत ने कहा कि ट्रेचिंग ग्राउंड से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद नगर निगम प्रशासन निर्माण कार्य आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश और नगर निगम में लंबे समय से भाजपा की सरकार होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने नगर निगम की बैठक में सभी पार्षदों से महापौर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग भी की। प्रदर्शन के दौरान रूपेंद्र सिंह नेगी, प्रमोद, मनोज भट्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *