जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट और लो-प्रेशर की समस्या को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कई क्षेत्रों में पर्याप्त पानी न मिलने और आपूर्ति में कमी की शिकायतों के बाद उपजिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बैठक में बताया कि क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षकों से प्राप्त स्थलीय रिपोर्ट में कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित पाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार गाड़ीघाट स्थित गिंवई स्रोत और पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में जलापूर्ति बाधित रही, जबकि पनियाली, सिताबपुर, लालपुर और पदमपुर सुखरो क्षेत्रों में पानी का दबाव कम होने से केवल सीमित समय के लिए आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा उमरावपुर और जशोधरपुर किशनपुर सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में भी कई परिवार पेयजल संकट से प्रभावित पाए गए हैं। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि गिंवई स्रोत में मोटर खराब होने से आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। वहीं कुछ इलाकों में जलस्तर कम होने के कारण ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि उमरावपुर और जशोधरपुर में ट्यूबवेल निर्माण कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य बताई गई है, जबकि जिन स्थानों पर समस्या बनी हुई है वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। उपजिलाधिकारी ने जल संस्थान को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में पेयजल आपूर्ति में लापरवाही न हो और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।