युवक की मौत मामले में कांग्रसियों ने किया प्रदर्शन, फूंका सरकार का पुतला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सतपुली के रैतपुर गांव निवासी युवक के आत्महत्या प्रकरण को लेकर जिला मुख्यालय में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने पौड़ी पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की बैठक में जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेसियों के नियंत्रित करने में पुलिस बल के पसीने छूट गए। इससे पूर्व कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट गेट के समीप सरकार का पुतला जलाया। गुस्साए कांग्रेसियों को नियंत्रित करने और बैठक में खलल न डालने को लेकर विकास भवन के सभागार के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेसियों को शांत करने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी और प्रभारी कोतवाल जयपाल सिंह नेगी ने कांग्रेसियों को समझाने की काफी देर तक कोशिश की। मंत्री के मुलाकात का भरोसा देने के बाद कांग्रेसी शांत हुए।
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज पौड़ी पहुंचे। सभागार का मुख्य गेट बंद कर जिला स्तरीय अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू हुई। सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता विकास भवन पहुंच गए। जहां उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया और मृतक युवक मामले में पुलिस कार्रवाई पर आक्रोश जताते हुए तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित करने और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। आरोप लगाया कि पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने मौत को गले लगा लिया था जिसका प्रमाण सोशल मीडिया पर डाली गई मृतक की पोस्ट से साबित होता है। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रही है। बैठक समाप्त होने के बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कांग्रेसियों से मुलाकात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और तत्कालीन थानाध्यक्ष पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, पूर्व आईएएस अफसर व कांग्रेस नेता सुंदरलाल मुयाल, कवींद्र इष्टवाल, राजेश चमोली, अनूप सिंह, गौरव सागर, मोहित सिंह, आशीष नेगी, अंकित सुंदरियाल, भरत रावत आदि मौजूद रहे।

मीडिया को बाहर करने पर कांग्रेसियोें मेें रोष
बंद दरवाजे के पीछे चल रही विकास कार्यों की समीक्षा बैठक पर कांग्रेसी और भड़क गए। आक्रोशित युवा कांग्रेस ने सभागार के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया। कहा कि बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं का क्या काम है, कार्यकर्ता अधिकारियों से निर्माण कार्यों के सवाल जवाब कर रहें हैं, जबकि मीडिया कर्मियों को बैठक से बाहर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *