कुछ दिन पूर्व 11वीं में पढ़ने वाले छात्र की हुई थी मौत
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन पूर्व 11वीं में पढ़ने वाले छात्र की मौत के बाद सड़क पर उतरे स्थानीय लोगों नशे के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि क्षेत्र में लगातार अवैध नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। लगातार शिकायत के बाद भी पुलिस व प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।
मंगलवार को लालपुर, ध्रुवपुर व सिम्मलचौड़ वासी बड़ी संख्या में मालवीय उद्यान के समीप एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील तक आक्रोश रैली निकाली। इसके उपरांत उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। लोगों ने कहा कि उनका क्षेत्र जंगल से सटा है। दिनभर यहां नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशेड़ियों के कारण महिलाएं चारापत्ती लेने तक नहीं जा पा रही हैं। क्षेत्र के अन्य जगहों में भी गली मोहल्लों में खुलेआम अवैध रूप से शराब, स्मैक, चरस, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है जिससे नगर के युवा विशेषकर छात्र नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। इसके कारण जहां सामाजिक माहौल दूषित हो रहा है, वहीं असामाजिक गतिविधियां एवं अपराधों का ग्राफ भी बढ़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। नशे के कारण ही क्षेत्र के एक छात्र की असमय मौत हो गई है। उन्होंने शराब व मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, नियमित अभियान चला दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम संदीप कुमार ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया कि वह पुलिस प्रशासन से वार्ता कर नशे के खिलाफ अभियान चलाएंगे। प्रदर्शनकारियों में पार्षद मनोज शाह, नेत्रमोहन असवाल, मृतक छात्र की मां श्रुता देवी, बुआ शोभा देवी, सोनिया असवाल, विनोद गुसाईं, निशी नेगी, सुबोध जदली, राम प्रकाश कौशिक, पारस नेगी, सुधा नेगी शामिल रहे।