उत्तराखंड

किसानों के समर्थन में कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आंदोलित किसानों को गाड़ी से कुचलने से नाराज कांग्रेसियों ने सोमवार को कोतवाली में धरना प्रदर्शन किया। करीब 200 कांग्रेसियों ने गिरफ्तारी भी दी। आरोप लगाया कि किसान आंदोलन को कुचलने के लिए भाजपा सरकार अब किसानों की हत्या करने लगी है। इससे पूर्व तिकोनिया चौराहे पर भाजपा सरकार का पुतला भी फूंका गया।
सुबह सबसे पहले जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल की अगुवाई में दर्जनों कांग्रेसी तिकोनिया चौराहे पर एकत्र हुए। किसानों के साथ हुए हादसे की निंदा करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका गया। इसके बाद आक्रोशित कांग्रेसी प्रदेश मीडिया प्रभारी जरिता लैतफलांग की अगुवाई में हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। यहां घटना के विरोध काफी देर तक धरना प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि भाजपा सरकार निरंकुश होकर हिटलरशाही से किसानों की हत्या करने पर आमादा है। जो लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लोकतंत्र का गला घोटने का कुत्सित प्रयास किया है। जिसका सभी कांग्रेस जन विरोध कर रहे हैं। जरिता लैतफलांग ने कहा कि सरकार किसी भी तरह किसानों की आवाज दबाना चाहती है। प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने भी किसान के साथ हुई घटना पर नाराजगी जताई। महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने कहा कि किसान भाजपा सरकार को नेस्तनाबूद करने को आतुर हैं। अपनी पराजय की आशंका से डरी सरकार आंदोलनरत किसानों को कुचलने का प्रयास कर रही है। पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल ने इसे कायरतापूर्ण घटना करार दिया और कहा कि मृतक किसानों के परिवारों के साथ कांग्रेस की संवेदना है। सरकार निरंकुश हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!