ऋषिकेश। चंपावत में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर गुरुवार को ऋषिकेश में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दुष्कर्म और महिला अपराध के मामले में लगातार भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगने से भाजपा का चाल और चरित्र उजागर हो रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर महिला सुरक्षा में फेल होने का आरोप भी लगाया। गुरुवार को कोयलघाटी तिराहा ऋषिकेश में एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के राज में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत में एक भाजपा नेता पर नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं। इससे पहले भी भाजपा के कई बड़े और स्थानीय नेताओं पर भी गंभीर आरोप लग चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के नेता ही अपराध करेंगे तो जनता किससे उम्मीद करेगी। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस हिमांशु कश्यप ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी भाजपा सरकार अब तक न्याय नहीं कर पाई है। पार्टी से जुड़े कई नेताओं के खिलाफ अब तक जांच नहीं हुई है। उन्होंने दुष्कर्म के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष युकां सनी प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह, पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, पूर्व छात्रसंघ महासचिव माधवेंद्र मिश्र, छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, मानव रावत, शिवानी नेगी, सृष्टि, रेहान आदि मौजूद रहे।