पहले दिन हटाया अतिक्रमण, दूसरे दिन फिर सज गई दुकानें

Spread the love

उत्तरकाशी। नगर पालिका और पुलिस की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। बीते बुधवार को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बावजूद बृहस्पतिवार को गंगोत्री हाईवे सहित मुख्य बाजार व नगर के संपर्क मार्गों पर दुकानें एक बार फिर सज गई। सब्जी मंडी में गंगोत्री हाईवे पर अतिक्रमण कर दोबारा सब्जी की दुकानें सज गई। साथ ही बाजारों में सड़क और नालियों पर अतिक्रमण जारी है। गंगोत्री हाईवे सहित नगर क्षेत्र की सड़कों पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों सहित नालियों पर हो रहे अतिक्रमण के कारण मुख्य बाजार सहित अस्पताल रोड पर वाहनों की आवाजाही में कई बार जाम की समस्या बन रही है। बुधवार को पालिका और पुलिस की ओर से गंगोत्री हाईवे पर अतिक्रमण अभियान चलाया गया लेकिन उसके बावजूद भी बृहस्पतिवार को उसका कोई असर नहीं देखने को मिल रहा है। सब्जी मंडी में गंगोत्री हाईवे पर अतिक्रमण कर दो से तीन दुकानें खोली गई हैं। साथ ही मुख्य बाजार सहित अस्पताल रोड, भैरव चौक, झूला पुल आदि स्थानों पर भी व्यापारियों की ओर से नालियों सहित सड़कों पर अतिक्रमण देखने को मिल रहा है। यह परेशानी के साथ ही शहर की सुंदरता को भी बेदाग कर रहे हैं। साथ ही ज्ञानसू सहित गंगोरी, उजेली आदि स्थानों पर गंगोत्री हाईवे पर पड़ी साम्रगियों के कारण भी कई बार जाम लग रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *