विभाग और उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर पर बनी सहमति

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : स्मार्ट मीटर लगाने के लिए व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच बनी आशंकाओं को दूर करने के लिए विद्युत वितरण खंड श्रीनगर ने व्यापार संघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक की। चर्चा के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी कि उपभोक्ताओं के सहयोग से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य सुचारु रूप से किया जाएगा। इस दौरान बताया गया कि पुराने मीटर से रीडिंग मिलान की भी सुविधा मिलेगी।

बैठक में यूपीसीएल अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रीडिंग की शुद्धता, वास्तविक बिजली खपत के मापन, सटीक बिलिंग और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। व्यापारियों ने अधिक बिल आने, मीटर की रीडिंग, खपत के आकलन और मीटर की विश्वसनीयता से जुड़ी आशंकाएं अधिकारियों के सामने रखीं। बैठक में यह भी तय हुआ कि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर स्वयं संतुष्ट होना चाहता है तो तकनीकी रूप से संभव होने पर उसकी सहमति से कुछ समय तक स्मार्ट मीटर के साथ पुराना मीटर भी लगा रहने दिया जा सकता है। इससे उपभोक्ता दोनों मीटरों की रीडिंग का तुलनात्मक अवलोकन कर स्मार्ट मीटर की शुद्धता की जांच कर सकेगा। व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर बदलने के कार्य में सहयोग करने की अपील की। वहीं यूपीसीएल अधिकारियों ने कहा कि मीटर लगाने के दौरान सामने आने वाली शिकायतों और शंकाओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। बैठक में यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह रावत, उपखंड अधिकारी विनीत गुप्ता, सहायक अभियंता मीटर उदित पंवार, अवर अभियंता स्वप्निल जोशी और जीनस मीटर के सर्किल प्रभारी अमित वर्मा, व्यापार संघ की ओर से अध्यक्ष अनुज जोशी, महासचिव छवि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज जोशी, पार्षद झाबर सिंह रावत आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *