श्रीनगर गढ़वाल : नगर के मुख्य बाजार सहित बिलकेदार, डांग आदि क्षेत्रों में बुधवार रात से कई मोहल्लों में बिजली की आंख-मिचौली से व्यवसायी और आम लोग खासे परेशान रहे। बृहस्पतिवार को भी दिनभर विद्युत आपूर्ति अनियमित रही। जिस कारण लोग गर्मी से परेशान रहे, जबकि व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। पंखे, कूलर न चलने से चिलचिलाती गर्मी में लोगों को पसीना बहाना पड़ा। बिजली के ट्रांसफार्मर में आए फॉल्ट को ठीक करने में ऊर्जा निगम की टीम दिन भर जुटी रही, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिल पाई। सायं चार बजे के करीब से नगर के कई हिस्सों में लगातार विद्युत आपूर्ति ठप पड़ रही। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता जीएस रावत ने बताया कि ट्रासफार्मर में फॉल्ट आने से दिक्कतें हुई है। देहरादून से ट्रासफार्मर मंगवाया गया है। तब तक इस क्षेत्र को अन्य लाइन से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैंं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम की टीम इस समस्या के समाधान के लिए बुधवार से जुटी हुई है। (एजेंसी)