पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर निगम के पार्षदों ने भी अब मानदेय की मांग उठाई है। उन्होंने देहरादून नगर निगम का हवाला देकर मेयर से आगामी बोर्ड बैठक में मानदेय संबंधी प्रस्ताव पारित करने की मांग उठाई है। नगर में पार्षदों के एक शिष्टमंडल ने बीते बुधवार को मेयर कल्पना देवलाल को ज्ञापन दिया। इस दौरान पार्षदों ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर निर्वाचित होने वाले जनप्रतिनिधियों को वर्षो से मानदेय दिया जाता है, लेकिन निकाय क्षेत्र में निर्वाचित होने वाले जनप्रतिनिधियों को मानदेय का लाभ नहीं मिलता। कहा कि बीते दिनों देहरादून में नगर निगम की बोर्ड बैठक हुई। जिसमें पार्षदों को भी मानदेय देने का प्रस्ताव पारित किया गया है। पार्षदों ने प्रस्ताव पारित होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मानदेय का लाभ सीमांत के पार्षदों को भी मिलना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में पार्षद सुशील खत्री, अनिल कुमार वर्मा, पवन पाटनी, त्रिलोक सिंह महर, प्रवीन सिंह उपरारी, हंसी प्रकाश, विक्रम वाल्मीकि, करन सिंह, कृष्णा वर्मा, नीतू टम्टा, नवीन लाल वर्मा, नीरज जोशी, रवि बिष्ट, जयंती सौन, पृथ्वीराज सिंह, अंशु नागी, पुष्पा उप्रेती, राहुल सिंह लुंठी आदि मौजूद रहे।