श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर के भक्तियाना स्थित प्राचीन मां शीतला देवी मंदिर में तीन दिवसीय वार्षिक पूजन किया गया। शनिवार को इसका विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
शनिवार सुबह देवी पाठ के समापन के बाद मंदिर परिसर में पारंपरिक मंडाण का आयोजन किया गया। इस दौरान देवी-देवताओं का आह्वान कर उनका श्रृंगार और विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। धार्मिक परंपरा के अनुसार देव डोलियों को देवस्थान के लिए रवाना किया गया। मंडाण के दौरान मंदिर परिसर मां शीतला देवी के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंडाण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और पूर्णाहुति संपन्न हुई। पूजन अनुष्ठान पंडित विरेंद्र गोदियाल और गणेश सेमवाल ने विधिवत संपन्न कराए। इसके उपरांत कन्या पूजन किया गया। बाद में श्रद्धालुओं को मां का प्रसाद वितरित किया गया तथा विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। तीन दिनों तक चले इस वार्षिक पूजन के दौरान मंदिर परिसर में देवी पाठ, पूजा-अर्चना, जागरण, भजन-कीर्तन और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। (एजेंसी)