रुड़की। लक्सर में शनिवार को भी गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। तपती धूप में घंटों खड़े होने के बाद भी कई लोगों को बिना सिलेंडर के ही वापस लौटना पड़ा। सिलेंडर लेने पहुंचे मोनू चौधरी, सोनू चौधरी ने बताया कि खेती बाड़ी का कार्य चल रहा है लेकिन उसके बावजूद भी सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर आना पड़ रहा है। अश्वनी शर्मा, अरविंद कुमार का कहना है कि सिलेंडर लेने के लिए दो दिन से लाइन में लग रहे है, लेकिन उसके बावजूद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। ऐसे में वह बेहद परेशान है। रनजोत सिंह, लखविंदर सिंह, राजवीर सिंह आदि का कहना है कि सिलेंडर नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने व पहले की तरह सिलेंडर बुक होने पर उसको घर पहुंचाए जाने की मांग की है। गैस एजेंसी के स्वामी विशाल मुखिया और हर्ष चौधरी का कहना है कि एजेंसी द्वारा नियम के हिसाब से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।