दर्पण वेलफेयर सोसाइटी ने चलाया स्वच्छता व हरियाली अभियान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दर्पण वेलफेयर सोसाइटी की ओर से शहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पौधारोपण के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया तथा लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
अभियान के पहले चरण में निंबूचौड़ प्राथमिक विद्यालय परिसर में करीब 20 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर सोसाइटी के सदस्यों ने विद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधों की नियमित देखभाल तथा संरक्षण के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में लगाया गया प्रत्येक पौधा बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करता है। दूसरे चरण में देवी रोड स्थित एसबीआई एटीएम से तीलू रौतेली चौक तक लगभग 30 सजावटी गमले स्थापित किए गए। इनमें विभिन्न प्रजातियों के हरित एवं सजावटी पौधे लगाए गए, जिससे मार्ग की सुंदरता बढ़ने के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण हो सके। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की देखभाल और सुरक्षा भी प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। सोसाइटी ने बताया कि भविष्य में भी शहर के विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और प्रमुख मार्गों पर वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण अभियान निरंतर जारी रहेगा। संस्था का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से कोटद्वार को स्वच्छ, सुंदर, हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *