दशकों पुराना इंतजार खत्म, सुनियाकोट-ओलिया मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ

अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कंडारकुआं मंडल क्षेत्र के अंतर्गत सुनियाकोट-मटीला मोटर मार्ग से ओलिया गांव तक प्रस्तावित तीन किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच शुरू हुए इस कार्य को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में उन्हें वर्षों से अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मोटर मार्ग बनने से अब आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ओलिया गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना क्षेत्रवासियों का कई दशकों पुराना सपना था, जो अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और अंतिम छोर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 77 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मोटर मार्ग स्थानीय लोगों, विशेष रूप से महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा। साथ ही इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *