टोंस नदी किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त के प्रयास जारी

Spread the love

विकासनगर। थाना त्यूणी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अटाल के नीचे पुल पार कर ग्राम रवाड़ा के पास टोंस नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव के शिनाख्त करने में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष त्यूणी अश्वनी बलूनी ने बताया कि सुबह करीब ग्यारह बजे सूचना प्राप्त हुई कि टोंस नदी किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर एक व्यक्ति का शव सड़ी-गली अवस्था में नदी किनारे पड़ा मिला।प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत नदी में डूबने के कारण हुई होगी। कहा कि स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के करीब है। बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *