क्वारब डेंजर जोन में फिर गिरा मलबा, हाईवे बंद होने पर चौंसली लिंक मार्ग खोला गया

Spread the love

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील क्वारब डेंजर जोन में गुरुवार को अचानक भारी भूस्खलन होने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री बीच रास्ते में फंस गए। गनीमत रही कि भूस्खलन के दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। बताया गया कि घटना के समय संबंधित निर्माण कंपनी की ओर से क्षेत्र में कोई कटिंग या सुधारीकरण कार्य नहीं किया जा रहा था। इसके बावजूद पहाड़ी के अत्यधिक संवेदनशील होने के कारण अचानक मलबा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। आपात स्थिति को देखते हुए प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लंबे समय से प्रस्तावित क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। वर्तमान में छोटे और आवश्यक वाहनों को इसी मार्ग से निकाला जा रहा है तथा यातायात डायवर्ट कर दिया गया है। बताया गया कि हाल ही में प्रशासन और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने इस लिंक मार्ग का निरीक्षण किया था, जिसे खोलने पर अंतिम निर्णय लंबित था। लेकिन हाईवे बंद होने के बाद प्रशासन को तत्काल निर्णय लेना पड़ा। एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि क्वारब में अचानक पत्थर और बोल्डर गिरने से मुख्य मार्ग बाधित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चौंसली लिंक मार्ग से आवाजाही शुरू करा दी गई है। वहीं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और वाहनों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *