बीडीसी प्रस्तावों एवं शिकायतों की अनुपालन आख्या ना देने पर कारण बताओ नोटिस जारी
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : विकासखंड चमोली के ब्लॉक सभागार दशोली में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी एवं जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं, विकास कार्यों एवं पूर्व में आयोजित बीडीसी बैठक के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पूर्व बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों पर अनुपालन आख्या रिपोर्ट संकलन न करने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी दशोली एवं एडीओ पंचायत के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए वर्तमान बीडीसी बैठक के सभी प्रस्तावों एवं शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संकलित कर संबंधित विभागों को प्रेषित करने के साथ ही विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को अपनी कार्ययोजना में शामिल करते हुए फील्ड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर जनपद में बीडीसी बैठकों के प्रस्तावों एवं शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभागों की जवाबदेही तय होगी तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। बैठक में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी सहित जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।