जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : खराब मौसम के कारण लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पौड़ी दौरा भी रद्द हो गया है। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा। तब हम जल्दबाजी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।
गुरूवार को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम में जाने का भी कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का दौरा रद्द हो गया। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दु:ख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। सुबह मैं पंतनगर पहुंच गया था। वहां से हमें हेलिकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ इनकार कर दिया। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं, उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था। प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।