पत्रकारों से वार्ता करते हुए बोले पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के बुजुर्ग की मदद के लिए आगे आकर दीपक ने इंसानियत का फर्ज निभाया। कुछ लोग कोटद्वार में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन, उनकी यह कोशिश नाकाम रही।
बुधवार को कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व काबीना मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते कि दीपक ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताया या मोहब्बत दीपक। लेकिन, वह यह जानते हैं कि दीपक ने एक बुजुर्ग की मदद कर इंसानियत का धर्म निभाया। कहा कि यदि कोई भी बुजुर्ग सड़क पर चलता है और कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है तो हर इंसान बुजुर्ग की मदद के लिए आगे आएगा। उसी तरह दीपक भी बुजुर्ग के बचाव में आगे आए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चार जून को प्रस्तावित पौड़ी दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं की चिंताओं को उठाते रहे हैं। पौड़ी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और युवाओं के सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। उन्होंने कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में प्रस्तावित ट्रेंचिंग ग्राउंड के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को जनभावनाओं और पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इसका समाधान निकालना चाहिए। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी, संजय मित्तल, शूरवीर खेतवाल मौजूद रहे।